मतदाता सूची में गड़बड़ी: हाईकोर्ट जाएगा अकाली दल

आगामी नगर निगम और नगर समितियों के चुनावों से पहले शिरोमणी अकाली दल (शिअद) ने मतदाता सूचियों में कथित विसंगतियों को लेकर पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने का एलान किया है;

Update: 2026-04-22 04:48 GMT

900 करोड़ भ्रष्टाचार छिपाने का आरोप, आप पर निशाना

  • मोहाली-खरड़ के मतदाता जीरकपुर में जोड़े गए!
  • एन.के. शर्मा बोले– चुनावी धांधली की साजिश

चंडीगढ़। आगामी नगर निगम और नगर समितियों के चुनावों से पहले शिरोमणी अकाली दल (शिअद) ने मतदाता सूचियों में कथित विसंगतियों को लेकर पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने का एलान किया है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता एन.के. शर्मा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप ) सरकार 900 करोड़ रुपये से अधिक के कथित भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए मतदाता सूची में हेरफेर कर रही है।

पंजाब के चुनाव अधिकारी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्री शर्मा ने कहा कि नगर निगम अधिकारियों के माध्यम से मतदाता सूचियों में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई है ताकि चुनावों में अनुचित लाभ लिया जा सके। उन्होंने दावा किया कि मोहाली और खरड़ नगर निगम के मतदाताओं को जीरकपुर की सूची में जोड़ा गया है, जबकि डेराबस्सी के मतदाताओं के नाम भी गलत तरीके से स्थानांतरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न वार्डों की मतदाता सूची में 500 से लेकर 4500 तक ऐसे नाम शामिल हैं, जो संबंधित क्षेत्रों से नहीं हैं। श्री शर्मा के मुताबिक, यह सब चुनावों को प्रभावित करने और मतदाताओं को गुमराह करने की साजिश का हिस्सा है।

अकाली नेता ने कहा कि पार्टी ने इस संबंध में मुख्य चुनाव अधिकारी को लिखित शिकायत दे दी है, लेकिन राज्य के चुनाव तंत्र से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद नहीं होने के कारण अब उच्च न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आप और पूर्ववर्ती कांग्रेस दोनों ही इस तरह की कथित धांधलियों में शामिल रही हैं, जिसे अकाली दल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। श्री शर्मा ने विश्वास जताया कि जनता मौजूदा सरकार से नाराज है और आगामी चुनावों में अकाली दल को भारी समर्थन मिलेगा।

Tags:    

Similar News