केन्द्रीय सडक़ निधि योजना से छत्तीसगढ़ को मिले 400 करोड़

रायपुर ! केन्द्रीय सडक़ निधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ को राजधानी रायपुर और जिला मुख्यालय राजनांदगांव में बेहतर यातायात सुविधा के लिए चार सौ करोड़ से अधिक रूपए के पांच महत्वपूर्ण कार्यों के लिए स्वीकृति;

Update: 2017-01-11 22:26 GMT

रायपुर !  केन्द्रीय सडक़ निधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ को राजधानी रायपुर और जिला मुख्यालय राजनांदगांव में बेहतर यातायात सुविधा के लिए चार सौ करोड़ से अधिक रूपए के पांच महत्वपूर्ण कार्यों के लिए स्वीकृति मिल गयी है। ज्ञातव्य है कि केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से कल दिल्ली के भारत पर्यावास भवन में आयोजित बैठक में लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने चर्चा की और विभाग द्वारा प्रस्तावित पांच कार्यों की स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया। बैठक में चर्चा के उपरांत केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री द्वारा तत्परता से कार्यवाई करते हुए केन्द्रीय सडक़ निधि योजना के अंतर्गत उक्त सभी कार्यो के लिए उसी दिन ही मंजूरी प्रदान कर दी गई। श्री मूणत ने आज बताया कि सी.आर.एफ. योजना के अंतर्गत स्वीकृत इन कार्यो में से लगभग 375 करोड़ रूपए के चार कार्य राजधानी रायपुर और 28 करोड़ 92 लाख रूपए के राजनांदगांव में विकास कार्य से संबंधित है। इनमें राजधानी के अंतर्गत रायपुर रेल्वे स्टेशन-तेलीबांधा से केन्द्री (नया रायपुर) के मध्य छोटी रेल लाईन के स्थान पर फोर लेन सडक़ का निर्माण किया जाएगा। लगभग 12 किलोमीटर लम्बाई के इस मार्ग के लिए 294 करोड़ 11 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है।
 इसी तरह राजधानी रायपुर स्थित रिंग रोड क्रमांक-1 में कुशालपुर चौक के पास ओव्हर पास का निर्माण 23 करोड़ रूपए की राशि से किया जाएगा। इन कार्यो के अंतर्गत रायपुर-विशाखापट्टनम (विजयनगरम्) रेल मार्ग पर रायपुर के डी.आर.एम. ऑफिस के पास स्थित समपार पर रेल्वे अण्डर ब्रिज के निर्माण के लिए 32 करोड़ 85 लाख और रायपुर स्थित केनाल रोड (कमल विहार के पास) तथा एन.एच.-30 के जंक्शन पर फ्लाई ओव्हर के निर्माण के लिए 24 करोड़ 99 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा राजनांदगांव बायपास के चैनेज 9500 तथा एन.एच.-53 (फरहद चौक) में 28 करोड़ 92 लाख रूपए की राशि से ओव्हर पास का निर्माण किया जाएगा।

Tags:    

Similar News