मुन्ना बजरंगी हत्या की सीबीआई जांच राज्य सरकार के अनुरोध पर:गंगाराम हंसराज अहीर
केंद्र सरकार ने आज राज्यसभा में कहा कि उत्तरप्रदेश में बागपत जेल में मारे गये कुख्यात गैंगस्टर मुन्ना बजरंगी की हत्या की जांच राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराई जा सकती
नयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने आज राज्यसभा में कहा कि उत्तरप्रदेश में बागपत जेल में मारे गये कुख्यात गैंगस्टर मुन्ना बजरंगी की हत्या की जांच राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराई जा सकती है।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री गंगाराम हंसराज अहीर ने एक पूरक सवाल के जवाब में बताया कि केंद्र सरकार ने बागपत जेल में मारे गए मुन्ना बजरंगी की हत्या की रिपोर्ट राज्य सरकार से मांगी है। राज्य सरकार ने इस मामले की न्यायिक जांच करने के आदेश दिये हैं।
एक अन्य पूरक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जेल एवं कानून व्यवस्था का मामला राज्य सूची का विषय है लेकिन इस विशेष मामले में अगर राज्य सरकार अनुरोध करे तो इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराई जा सकती है।
इससे पहले श्री अहीर ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि 31 दिसंबर 2016 को देश की विभिन्न जेलों में तीन लाख 80 हजार 876 कैदियों की क्षमता की तुलना में चार लाख 33 हजार तीन कैदी बंद थे।