भारतीय वायुसेना में अब गेट स्कोर से अधिकारियों की भर्ती, नहीं देनी होगी लिखित परीक्षा
भारतीय वायु सेना ने तकनीकी शाखा (ऑफिसर कैडर) में भर्ती प्रक्रिया को और अधिक आधुनिक एवं प्रतिस्पर्धी बनाने का प्रयास किया है। इसी दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अब ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) स्कोर के आधार पर भी अभ्यर्थियों को तकनीकी शाखा में शामिल करने की घोषणा की गई है।;
नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना ने तकनीकी शाखा (ऑफिसर कैडर) में भर्ती प्रक्रिया को और अधिक आधुनिक एवं प्रतिस्पर्धी बनाने का प्रयास किया है। इसी दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अब ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) स्कोर के आधार पर भी अभ्यर्थियों को तकनीकी शाखा में शामिल करने की घोषणा की गई है।
इस नई व्यवस्था के तहत वैध गेट स्कोर रखने वाले उम्मीदवारों को सीधे एयर फोर्स सिलेक्शन बोर्ड में परीक्षण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इससे उम्मीदवारों को प्रारंभिक लिखित परीक्षा, जैसे एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट से छूट मिल सकेगी। भारतीय वायु सेना के अनुसार, यह नई व्यवस्था केवल तकनीकी शाखा में अधिकारी स्तर की भर्ती के लिए लागू होगी।
हालांकि, एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट परीक्षा पहले की तरह वायु सेना की सभी शाखाओं, जिसमें तकनीकी शाखा भी शामिल है, में भर्ती का प्रमुख माध्यम बनी रहेगी। वायुसेना के मुताबिक, नई योजना का उद्देश्य तकनीकी योग्यता रखने वाले प्रतिभाशाली इंजीनियरिंग अभ्यर्थियों को तेज और प्रभावी चयन प्रक्रिया उपलब्ध कराना है।
वायु सेना ने स्पष्ट किया है कि ग्रेजुएट गेट स्कोर के तहत आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता वही रहेगी जो वर्तमान में एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट के माध्यम से तकनीकी शाखा में भर्ती के लिए निर्धारित है।
बता दें कि स्वीकार्य गेट विषयों की विस्तृत सूची एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट नोटिफिकेशन 2 फरवरी 2026 में जारी की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट आधिकारिक वेबसाइट तथा करियर इंडियन एयरफोर्स पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
भारतीय वायु सेना ने उम्मीदवारों को अधिक अवसर देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था भी की है कि पात्र अभ्यर्थी चाहें तो तकनीकी शाखा में भर्ती के लिए एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट और गेट स्कोर स्कीम दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। इससे उम्मीदवारों को चयन के दोहरे अवसर मिलेंगे और अधिक प्रतिभाशाली युवाओं को वायु सेना से जुड़ने का मौका मिलेगा।
वायु सेना ने अधिकारियों की भर्ती योजनाओं से जुड़े नियमित अपडेट प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों को दिशा इंडियन एयरफोर्स के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फॉलो करने की सलाह दी है।