तेजस्वी यादव के आरोपों पर मंगल पांडे का पलटवार, बोले- आरजेडी शासन में अपराधियों का था बोलबाला

बिहार में राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरम हो गया है। एक तरफ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था और अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं;

Update: 2026-05-27 02:50 GMT

पटना। बिहार में राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरम हो गया है। एक तरफ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था और अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं, तो दूसरी तरफ भाजपा नेता मंगल पांडे का कहना है कि अपराध को असली बढ़ावा तेजस्वी के माता-पिता के कार्यकाल में मिला है।

दरअसल, तेजस्वी यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बिहार में हाल के दिनों में बढ़ते अपराध और अपहरण के मामलों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने दावा किया था कि पिछले एक महीने में ही राज्य से बड़ी संख्या में बच्चे लापता हुए हैं, जिनमें ज्यादातर लड़कियां शामिल हैं। इसके साथ ही उन्होंने दुष्कर्म, हत्या, लूट और चोरी जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए सरकार से जवाब मांगा। उनका कहना है कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है और सरकार इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही।

तेजस्वी के इन आरोपों पर भाजपा नेता मंगल पांडे ने पलटवार करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को अपने माता-पिता के कार्यकाल को भी याद करना चाहिए, जब बिहार में अपराध की स्थिति बहुत गंभीर थी। उनके अनुसार उस समय अपहरण जैसे मामलों में भी फैसले मुख्यमंत्री आवास से लिए जाने के आरोप लगते रहे हैं। मंगल पांडे ने यह भी कहा कि अगर किसी ने मंच से अपराधियों का महिमामंडन किया है तो वह भी उसी दौर में हुआ, जब तेजस्वी यादव के पिता मुख्यमंत्री थे।

इस दौरान मंगल पांडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह दिन भारत के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास की नई दिशा देखी है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है और देश की ताकत और प्रभाव दोनों बढ़े हैं।

Tags:    

Similar News