बिहार: विश्वविद्यालय छात्रावास में रहकर कर रहे थे कारतूस की तस्करी, दो गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय में जहां छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं, वहीं रविवार को पुलिस ने छात्रावास में रहकर कारतूसों की तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है

Update: 2026-04-12 17:52 GMT

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय में जहां छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं, वहीं रविवार को पुलिस ने छात्रावास में रहकर कारतूसों की तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 200 जिंदा कारतूसों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान सिवान के अभिषेक तिवारी और सीतामढ़ी के अनमोल कुमार के रूप में हुई है।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कान्तेश कुमार मिश्रा ने रविवार को बताया कि दोनों तस्कर अपनी बाइक से कारतूसों की बड़ी खेप लेकर हॉस्टल लौट रहे थे। इसी दौरान काजी मोहम्मदपुर थाना की पुलिस टीम ने कलमबाग चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

इस दौरान पुलिस की जांच में पता चला कि ये विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहते हैं। उनकी निशानदेही पर विश्वविद्यालय परिसर स्थित पीजी हॉस्टल के कमरा संख्या-54 से एक पिस्टल का होल्स्टर और एक मैगजीन भी बरामद किया गया है। इस मामले की एक प्राथमिकी काजी मोहम्मदपुर थाना में दर्ज कर ली गई है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अभिषेक तिवारी के खिलाफ पूर्व में मनीयारी थाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। पुलिस पकड़े गए बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन कारतूसों की आपूर्ति कहां की जानी थी और कहां से इन्हें मंगवाया गया था।

हाल ही में कुलपति आवास पर बम फेंके जाने की घटना भी सामने आई थी, जिसकी जांच जारी है। विश्वविद्यालय का माहौल पहले से ही तनावपूर्ण है। कुलपति के कुछ फैसलों के विरोध में छात्र पिछले तीन दिनों से अनशन पर बैठे हैं।

Tags:    

Similar News