बिहार अगले पांच साल में आर्थिक रूप से संपन्न होगा : अशोक चौधरी

बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिक्रमगंज में दिए गए बयान को सत्य बताते हुए कहा कि जंगलराज को आज भी बिहार के लोग नहीं भूले हैं

Update: 2025-05-30 22:54 GMT

पटना। बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिक्रमगंज में दिए गए बयान को सत्य बताते हुए कहा कि जंगलराज को आज भी बिहार के लोग नहीं भूले हैं।

उन्होंने कहा कि 20 साल बिहार को बनाने का समय था और आगे आने वाला पांच साल आर्थिक संपन्नता का होगा। पूर्व की सरकार ने जितना बिहार को बिगाड़ा था, उसे 20 साल संवारने का काम किया गया। बिहार की जनता को अब सोच-समझकर वोट करना है।

पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जो कहा, वह सत्य है। ऑपरेशन सिंदूर से उन्होंने करके दिखाया है। जंगलराज को पूरा बिहार जानता है कि किस तरह यहां के व्यवसायी, डॉक्टर और लोग बदहाल थे। उस समय अपहरण उद्योग चलता था। आज लोग खुली हवा में सांस ले रहे हैं। यह सच है कि बिहार जब तक विकसित नहीं होगा तो भारत विकसित नहीं बन सकता है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी लगातार बिहार की मदद कर रहे हैं। चाहे ऊर्जा का क्षेत्र हो या मूलभूत संरचना का क्षेत्र, सभी क्षेत्रों में काम हो रहा है। जब बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलने की बात हो गई, तो अब बिहार की अन्य उपायों से मदद की जा रही है, जिससे बिहार आगे बढ़ सके।

मंत्री नीरज कुमार बबलू ने कहा कि पीएम मोदी पिछली बार जो वादा करके गए थे, वह पूरा करके आए हैं। आज पाकिस्तान पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहा है। पीएम मोदी जब बिहार आते हैं, तो बड़ी सौगात देकर जाते हैं। इस बार भी कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करके गए हैं। बिहार में अब वह दिन नहीं आने वाला है, जब जंगलराज में अपहरण उद्योग चलता था।

उन्होंने कहा कि सीएम हाउस में डील होती थी। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में साफ संदेश दिया है कि हमारा विकसित बिहार होगा। उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें विकास नहीं दिख रहा है। उन्हें चश्मा बदलना पड़ेगा। उन्हें सिर्फ मोदी सरकार का विरोध दिखाई दे रहा है। बिहार में सुशासन की सरकार है और फिर से एनडीए की सुशासन की सरकार बनेगी।

Full View

Tags:    

Similar News