बिहार चुनाव : स्टार प्रचारकों को कमान, कौन बनेगा सुल्तान

जेडीयू से लेकर बीजेपी ने अपने 30 स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है

Update: 2020-10-12 16:59 GMT

बिहार चुनाव : जब-जब चुनाव आता है, तब-तब इतिहास के पन्नों में नई कहानी दर्ज होती है. इस बार का बिहार चुनाव भी इतिहास के पन्नों में दर्ज किया जाएगा. क्योंकि महामारी के दौर में ये देश में होने वाला पहला चुनाव है…जिसमें जीत दर्ज करने के लिए एनडीए से लेकर महागठबंधन तक एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं. जहां एनडीए में जेडीयू से लेकर बीजेपी ने अपने 30 स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है. वहीं कांग्रेस और आरजेडी ने भी अपने दिग्गजों को कमान सौंप दी है… इन दलों ने केवल 30 प्रचारकों की सूची इसीलिए जारी की है, क्योंकि चुनाव आयोग ने महामारी को देखते हुए सीमित संख्या में चेहरों को उतारने का आदेश दिया है. जबकि बिना मान्यता प्राप्त दल 20 प्रचारकों के साथ ताल ठोक रहे हैं…


स्टार प्रचारकों से चमकेगी किस्मत!

बिहार में फिर से जीत की इबारत लिखने के लिए जेडीयू की तरफ से सीएम नीतीश कुमार, बशिष्‍ठ नारायण सिंह, रामचंद्र प्रसाद सिंह समेत कई दमदार नेता जोर लगाएंगे. जेडीयू ने अपने प्रचारकों की लिस्‍ट में जाति और धर्म का भी खास ख्‍याल रखा है. प्रचारकों की लिस्‍ट में कई मुस्लिम नेताओं को तरजीह मिली है. इस लिस्‍ट में अली अशरफ फातमी, गुलाम गौस, तनवीर अख्‍तर, कमर आलम, अशफाक अहमद खां और गुलाम रसूल वलियावी जैसे कई नेता शामिल हैं.चुनाव में जेडीयू की तरफ से जहां सीएम आएंगे, वहीं बीजेपी की तरफ से पीएम दम दिखाएंगे… बीजेपी के स्टार प्रचारकों की सूची में पीएम मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह के अलावा मनोज तिवारी को भी सूची में शामिल किया गया है. महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के अलावा कई नेता प्रचार करेंगे. बीजेपी ने इस बार बिगड़े बोल वाले नेताओं को तरजीह दी है. जिन्होंने दिल्ली, झारखंड, राजस्थान में उसका काम बिगाड़ा था.


BJP के प्रचारक, चुनाव में बनेंगे हानिकारक !


बीजेपी की स्टार प्रचारकों की सूची जारी होने के साथ बगावत का दौर तेज हो गया है…क्योंकि सांसद राजीव प्रताप रूडी और राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन का नाम काट दिया है. इसे लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं… इन दोनों नेताओं को एक समय में बीजेपी के युवा चेहरों के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब ये दोनों पार्टी में साइडलाइन हो गए हैं।…शाहनवाज हुसैन पिछले कई सालों से संगठन के लिए काम करने में जुटे हुए हैं… वहीं, राजीव प्रताप रूडी लगातार चुनाव जीतने के बाद भी इस बार केंद्र में मंत्री नहीं बन पाए. इसीलिए दोनों नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है.


युवाओं की जोड़ी बिगाड़ेगी NDA का खेल

महागठबंधन में शामिल कांग्रेस, आरजेडी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने NDA को मात देने के लिए दिग्गज चेहरों को प्रचार की कमान सौंप दी है. कांग्रेस ने सोनिया गांधी के साथ राहुल गांधी प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह, राज बब्बर, शत्रुघन सिन्हा के साथ तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों पर भरोसा जताया है. जबकि आरजेडी की तरफ से राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, मीसा भारती समेत कई लोगों को मौका दिया है. बिहार चुनाव के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब आरजेडी के स्टार प्रचारक तेजस्वी यादव और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता कन्हैया कुमार एक मंच साझा करेंगे. अब जब मिल बैठेंगे दो युवा नेता, तो एनडीए में बिगड़ सकती है बात…क्योंकि तेजस्वी यादव बिहार में सीएम पद के उम्मीदवार हैं तो वहीं कन्हैया आने वाले वक्त में देश की राजनीति में अपना कद बढ़ाएंगे…बिहार चुनाव में सबने अपनी रणनीति के हिसाब से स्टार प्रचारकों को जीत की जिम्मेदारी सौंपी है…लेकिन इस सूची के मुताबिक, तो एनडीए महागठबंधन के सामने कमजोर पड़ रहा है. क्योंकि जहां बीजेपी में बगावत छिड़ी है.और जेडीयू ने युवाओं को तरजीह नहीं दी है. वहीं दूसरी ओर महागठबंधन में तजुर्बे के साथ युवा ताकत भी है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या स्टार प्रचार लगा पाएंगे राजनीतिक दलों की नैया पार

Tags:    

Similar News