राहुल ने अहमद पटेल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, सच्चा सलाहकार खो दिया

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का आज तड़के निधन हो गया। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद श्री पटेल को गुरुग्राम के वेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था

Update: 2020-11-25 08:53 GMT

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का आज तड़के निधन हो गया। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद श्री पटेल को गुरुग्राम के वेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था।

श्री पटेल के पुत्र फैसल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता का निधन आज तड़के 3.30 बजे हुआ। फैसल ने बताया कि उनके पिता एक माह पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उन्होंने लोगों से कोरोना के बचाव के दिशा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है ताकि किसी को उनकी तरह दुख नही सहना पड़े।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने श्री पटेल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने अपना एक पिलर खो दिया है।

श्री गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "यह दुख भरा दिन है। श्री अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के पिलर थे। उन्होंने कांग्रेस में ही श्वांस ली, कांग्रेस के लिए ही जिए और संकट काल में पार्टी के साथ खड़े रहे। वह पार्टी की संपत्ति थे। हम उनको हमेशा याद करेंगे। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी संवेदना।"

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, "अहमद जी अत्यंत समझदार और अनुभवी नेता थे। मैं उनसे हमेशा विचार विमर्श करती और उनकी सलाह लिया करती थी। वह हमारे सच्चे मित्र थे। उनके निधन से कांग्रेस को गहरी क्षति हुई है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।"

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा "निशब्द..जिन्हें हर छोटा बड़ा, ,दोस्त, साथी..विरोधी भी...एक ही नाम से सम्मान देते- ‘अहमद भाई’!वो जिन्होंने सदा निष्ठा व कर्तव्य निभाया,वो जिन्होंने सदा पार्टी को ही परिवार माना,वो जिन्होंने सदा राजनीतिक लकीरें मिटा दिलों पर छाप छोड़ी,अब भी विश्वास नही..अलविदा, अहमद जी।"

Full View

 

Tags:    

Similar News