ई-रिक्शा लेकर सड़क पर निकले कृषिमंत्री बृजमोहन अग्रवाल

छत्तीसगढ़ के कृषि एवं सिंचाई मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को अपने आवास में आयोजित कार्यक्रम में शासन की ई-रिक्शा योजना के तहत 20 हितग्राहियों को ई-रिक्शा की चाबी सौंपी

Update: 2017-07-11 21:47 GMT

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि एवं सिंचाई मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को अपने आवास में आयोजित कार्यक्रम में शासन की ई-रिक्शा योजना के तहत 20 हितग्राहियों को ई-रिक्शा की चाबी सौंपी।

इस दौरान कृषिमंत्री स्वयं ई-रिक्शा लेकर जिला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और उपस्थित आमजनों के साथ शंकर नगर क्षेत्र की सड़कों पर निकले। अग्रवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मार्ट सिटी योजना में हमारे रायपुर शहर को चुना है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि अपने शहर को बेहतर बनाए। इसके लिए शहर को धूल और धुएं से मुक्त करने का हम प्रयास कर रहे हैं। बैटरी चालित यह ई-रिक्शा पर्यावरण शुद्धता की दृष्टि से अच्छा है।"

उन्होंने शहर के ऑटो चालकों से आग्रह करते हुए कहा कि वे भी ई-रिक्शा लेकर चालाएं, तो हम अपने शहर के वातावरण को काफी हद तक शुद्ध बना सकते हैं। 

छत्तीसगढ़ शासन की ई-रिक्शा योजना राज्य के श्रम विभाग द्वारा संचालित है, जिसके तहत पंजीकृत श्रमिकों को रोजगार प्रदान करने के मकसद से 30 प्रतिशत सब्सिडी में यह ई-रिक्शा प्रदान किया जा रहा है। 10 हजार रुपये डाउन पेमेंट पर एक लाख 30 हजार रुपये कीमत का यह ई-रिक्शा हितग्राही को दिया जा रहा है।

इस योजना के तहत लोगों ने मंगलवार को ई रिक्शा प्राप्त किया।

Tags:    

Similar News