प्रशासन की कार्रवाई पूरी तरह से तानाशाही

फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-29 बाईपास रोड स्थित किसान मजदूर कालोनी में बसी झुग्गियों को हटाने के लिए शुक्रवार को नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता पूरे लाव-लश्कर के साथ पहुंच गया

Update: 2019-08-10 14:51 GMT

फरीदाबाद। फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-29 बाईपास रोड स्थित किसान मजदूर कालोनी में बसी झुग्गियों को हटाने के लिए शुक्रवार को नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता पूरे लाव-लश्कर के साथ पहुंच गया और तोड़फोड़ की कार्यवाही को अंजाम देने लगा।

तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही मौके पर कांग्रेस के पूर्व विधायक आनंद कौशिक के अनुज एवं कांग्रेस प्रदेश महासचिव बलजीत कौशिक ने पहुंचकर प्रशासन की इस तोड़फोड़ की कार्यवाही का विरोध किया। उन्होंने एसडीएम सतबीर मान सहित अन्य अधिकारियों से झुग्गियों को न तोड़ने की मांग की।

इस दौरान पुलिस बल से उनके बहस भी हो गई। पीड़ितों से मिलते हुए बलजीत कौशिक ने उनका दुखड़ा सुनते हुए प्रशासन की इस कार्यवाही को पूरी तरह से तानाशाही करार दिया।

उन्होंने कहा कि एक तरफ  तो त्यौहारों का मौसम है, दूसरी तरफ गरीबों को उजाड़ा जा रहा है, यहां रहने वाले घरों में कई महिलाएं ऐसी है, जिन्होंने हाल ही में नवजात शिशुओं को जन्म दिया है, आशियाना उजड़नेे से वह खुले आसमान में रहने को मजबूर हो जाएंगी।

एक तरफ  तो भाजपा सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, जबकि दूसरी ओर महिलाओं को उनके घरों से जबरन बाहर निकाला जा रहा है और उनके द्वारा पाई-पाई जोड़कर एकत्र किए गए सामान को जबरन तोड़ा जा रहा है।

कौशिक ने चेतावनी दी कि जल्द ही इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस एक बड़ा जनांदोलन चलाकर सरकार की ईंट से ईंट बजाने का काम करेगी।

इस अवसर पर जयवीर प्रधानए जितेेंद्र कुमार, उमेश,  सागर, शिव कुमार प्रधान, हनीफ खान प्रधान,  नसरुद्दीन प्रधान,  शौकत कुरैशी, नीरज डोगरा, लक्ष्मण शर्मा, जयवीर वाल्मीकि, मालती पाठक, जावेद, गौरीशंकर, परवाद मिश्रा, हुकम सिंह, फिरोज आलम, ईरशाद, धर्मा, जलदेव सहित अनेकों कालोनीवासी उपस्थित थे।
 

Full View

 

Tags:    

Similar News