यूपी के एटा जिले में एक शख्स ने कई बार किया मतदान, वीडियो वायरल होने पर गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हुए एक वीडियो में जिले के खिरिया पमरान गांव के एक मतदान केंद्र पर एक शख्स को कई बार मतदान करते देखा गया

Update: 2024-05-20 07:48 GMT

एटा (उत्तर प्रदेश)। सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हुए एक वीडियो में जिले के खिरिया पमरान गांव के एक मतदान केंद्र पर एक शख्स को कई बार मतदान करते देखा गया। चुनाव आयोग से संबंधित मतदान केंद्र में पुनर्मतदान की सिफारिश की गई है।

सोशल मीडिया में एक व्यक्ति द्वारा कई बार मतदान करने का वीडियो प्रसारित होने के बाद नायागांव पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 171-एफ और 419 के अलावा आरपी अधिनियम 951 की धारा 128, 132 और 136 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। वीडियो में कई बार मतदान करते दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान गांव खिरिया पमरान निवासी राजन सिंह पुत्र अनिल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि उन्होंने मतदान दल के सभी सदस्यों को निलंबित करने और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं और चुनाव आयोग से संबंधित मतदान केंद्र में पुनर्मतदान की सिफारिश की है।

साथ ही. उन्होंने यूपी के शेष चरणों में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदाताओं की पहचान की प्रक्रिया का कठोरता से पालन करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Full View

Tags:    

Similar News