आईपीएस के भाई से 84 लाख रुपए ठगे
पंजाब पुलिस ने गुरुवार शाम नोएडा पुलिस के साथ सेक्टर-31 में छापा मार कर दो महिलाओं को हिरासत में लिया है
नोएडा। पंजाब पुलिस ने गुरुवार शाम नोएडा पुलिस के साथ सेक्टर-31 में छापा मार कर दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। आरोप है कि महिलाओं ने अपने एक साथी के साथ सोना खरीदने के नाम पर पंजाब में तैनात एक आईपीएस के भाई से 84 लाख रुपए ठगे हैं। दोनों महिला और उसके एक साथी के खिलाफ मोहाली के फेज 11 थाने में मुकदमा दर्ज है। पंजाब पुलिस फरार चल रहे आरोपी युवक को तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित राजकुमार मोहाली में परिवार के साथ रहते हैं। पंजाब में पीड़ित के भाई आईपीएस के रूप में तैनात है। राजकुमार का आरोप है कि 2014 मई में मोहाली में उनकी मुलाकात राजीव मल्होत्रा से हुई। उसने उन्हें सोना खरीदने के नाम पर बिजनेस करने के लिए रुपए इंवेस्ट करने को कहा। पीड़ित का आरोप है कि राजीव उसे मोहाली स्थित रिचमैन कम्यूडिटी नाम से खोले गए ऑफिस ले गया। वहां दो महिलाओं रितु मल्होत्रा व पूजा शर्मा ने अच्छी कमाई का लालच देकर उसे झांसे में ले लिया। आरोपियों ने झांसे में लेकर मई 2014 में उससे 84 लाख रुपए ले लिए।
रितु मल्होत्रा मुख्य आरोपी राजीव मल्होत्रा की पत्नी है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे बताया कि जल्द ही उसे फायदे के रूप में पैसा मिलना शुरू हो जाएगा। लेकिन तीन माह तक तीनों आरोपी उसे बहकाते रहे। जब तीन माह गुजर जाने के बाद पीड़ित मोहाली स्थित आरोपियों के ऑफिस पहुंचा तो वह बंद था। आस-पड़ोस से पूछताछ करने पर पता चला कि तीनों आरोपी कई लोगों से करोड़ों की ठगी कर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की शिकायत अपने आईपीएस भाई से की।
कई लोगों से की करोड़ों की ठगी
नोएडा पुलिस सुत्रों से पता चला है कि आरोपियों ने मोहाली स्थित रिचमैन कम्यूडिटी नाम से ऑफिस खोलकर गोल्ड खरीदने के नाम पर कई लोगों से करोड़ो की ठगी है। कई लोगों ने तीनों आरोपी के खिलाफ थाना फेज-11 में मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल पंजाब पुलिस दोनों आरोपी महिलाओं को अपने साथ मोहाली पूछताछ के लिए ले गई है।