पश्चिमी जापान में 6.1 तीव्रता का भूकंप, दो की मौत
पश्चिमी जापान के ओसाका में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गयी
टोक्यो । पश्चिमी जापान के ओसाका में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गयी है। भूकंप के बाद शहर में बिजली गुल और बुलेट ट्रेन भी बंद कर दी गई ।
भूकंप के कारण कई इमारतों की दीवारें गिरने के कारण एक 80 वर्षीय बुजुर्ग तथा नौ वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गयी।
भूकंप के कारण हुई घबराहट से कई लोगों को हृदयघात हाेने की भी सूचना है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक भूकंप का केंद्र ओसाका प्रांत के उत्तरी हिस्से में था। इसके कारण सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। कंसाई इलेक्ट्रिक पावर ने कहा कि भूकंप के बाद मिहामा, ताकाहामा और ओही परमाणु संयंत्रों में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं पायी गयी है।
भूकंप के बाद ओसाका और इसके पड़ोसी प्रांत ह्योगो के 170,000 परिवार बगैर बिजली के रहने को मजबूर हैं।सार्वजनिक प्रसारणकर्ता एनएचके ने बताया कि इलाके में ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है।