अमित शाह कोलकाता में आज करेंगे ‘युवा समावेश’ रैली को संबोधित
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को यहां के मायो रोड पर पार्टी की युवा इकाई के वैनर तले आयोजित ‘युवा समावेश’ रैली को संबोधित करेंगे

कोलकाता । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को यहां के मायो रोड पर पार्टी की युवा इकाई के वैनर तले आयोजित ‘युवा समावेश’ रैली को संबोधित करेंगे।
इस बीच श्री शाह की रैली के स्थान पर तृणमूल कांग्रेस के पांच सौ से अधिक झंडे और बैनर लगाये गये हैं, जिस पर ‘बंगाल विरोधी, भाजपा वापस जाओ’ जैसे नारे लिखे हैं।
भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर इन झंडों और बैनरों को लगाने का आरोप लगाया है जबकि सत्तारूढ़ पार्टी ने इन आरोपों को खारिज किया है।
भाजपा नेता अमिताभ राय ने कहा, “श्रमिक जब गुरुवार को मंच स्थापित कर रहे थे,तो तृणमूल कुछ गुंडे आए और उन्होंने श्रमिकों को धमकी दी। हर जगह तृणमूल के झंडे हैं। हम इन्हें नहीं उतारेंगे, लेकिन रैली में शामिल होने वाले लोग अगर इन्हें उतारते हैं या फाड़ते तो हम जिम्मेदारी नहीं ले सकते हैं।”
राज्य के शिक्षा मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी ने ‘भाजपा विरोधी पोस्टरों’को नहीं लगाया है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं और भाजपा ने 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य में 22 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।


