प्रशासन ने अवैध खांडसारी मिल कराई बंद
अम्बिकापुर ! बतौली विकासखंड के ग्राम बिलासपुर में पिछले 2 वर्षों से संचालित अवैध खांडसारी मिल को प्रशासन ने सील कर दिया है।

अम्बिकापुर ! बतौली विकासखंड के ग्राम बिलासपुर में पिछले 2 वर्षों से संचालित अवैध खांडसारी मिल को प्रशासन ने सील कर दिया है। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई इस फैक्ट्री को प्रशासन ने सिर्फ सील किया बल्कि उसके भवन को बुलडोजर चलाकर जमीदोज कर दिया गया है।
कार्यवाही के दौरान मौके पर पंहुचे बतौली तहसीलदार सह डिप्टी कलेक्टर उमेश पटेल ने बताया कि यह मिल किसी भी प्रकार से वैध नहीं थी। कई बार शिकायत मिल रही थी की ग्राम बिलासपुर में अवैध रूप से मिल का संचालन हो रहा है। उक्त आशय की खबर एक दिन पहले ही देशबन्धु समाचार पत्र प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। जिसके बाद आज राजस्व अधिकारियों की टीम मिल के मशीन को सील करने पहुंची थी। इस दौरान शासकीय जमीन पर भी फैक्ट्री का कुछ हिस्सों का अवैध कब्जा पाया गया। जिसे तत्काल बुलडोजर बुला कर ढहा दिया गया है और लगभग 15 से 20 टन बने गुड के भंडारण वाले गोदाम को भी सील किया गया है। जिसे फैक्ट्री संचालक द्वारा कालाबाजारी की नीयत से भण्डारण किया गया था। श्री पटेल ने बताया कि कलेक्टर के दिशा निर्देश पर आज यह कार्यवाही की जा रही है
कार्यवाही के दौरान अवैध खांडसारी फैक्ट्री के मालिक के द्वारा किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नही किया जा सका और ना ही फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों का पंजीयन संबधित कोई दस्तावेज फैक्ट्री के संचालक के पास था। इतना ही नही इस फैक्ट्री मे यूपी के लाये हुए श्रमिकों के अलावा कुछ बाल त्रमिक भी काम करते पाए गए ।
श्रमिकों को पगार नहीं
प्रशासन की इस कार्यवाही के दौरान ये बात भी सामने आई कि फैक्ट्री के संचालक ना ही किसानों को उनके गन्ने की सही और समय पर कीमत देता था और ना ही वहां काम करने वालो को पगार मिलती थी। उत्तर प्रदेश से आए मजदूरों ने बताया कि हमें अब तक फैक्ट्री संचालन के द्वारा एक भी मजदूरी के रूप में पैसा नहीं दिया गया, बस सप्ताहिक भोजन पानी की व्यवस्था फैक्ट्री संचालक के द्वारा कर दी जाती है । वहीं मौके पर मौजूद कई किसानों ने बताया कि फैक्ट्री मालिक उनको गन्ना तो पंहुचाते थे लेकिन फैक्ट्री मालिक उनको रुपया देने मे आनाकानी करता था। इतना ही नही किसानो ने बताया कि कभी कभी तो फैक्ट्री के मालिक ये भी कह कर हमको भगा देता था मेरे पास पैसा नहीं है या तो आप अपना गन्ना वापस ले जाएं। बतौली के बिलासपुर गांव मे संचालित इस अवैध खांडसारी फैक्ट्री मे कार्यवाही के बाद अधिकारियों ने क्षेत्र मे संचालित अन्य खांडसारी फैक्ट्रियों मे कार्यवाही करने की बात कही है। कार्यवाही के दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच सहित ग्रामीण जन वह राजस्व निरीक्षक संजीत कुमार पांडे एवं पटवारी उपस्थित थे।


