एरिका के कमाल से मुम्बई की रोमांचक जीत
नयी दिल्ली ! एरिका वीब के आखिरी बीस सेकंड में कमाल के प्रदर्शन से गत चैंपियन मुम्बई महारथी ने जयपुर निंजास को सोमवार को 4-3 से हराकर प्रो रेसलिंग लीग में अपनी दूसरी जीत दर्ज कर खुद को मुक़ाबले में

नयी दिल्ली ! एरिका वीब के आखिरी बीस सेकंड में कमाल के प्रदर्शन से गत चैंपियन मुम्बई महारथी ने जयपुर निंजास को सोमवार को 4-3 से हराकर प्रो रेसलिंग लीग में अपनी दूसरी जीत दर्ज कर खुद को मुक़ाबले में कायम रखा।
एरिका मुक़ाबले में पांचवां मैच खेल रहीं थीं और 75 किलोग्राम वर्ग में उनके सामने थीं जैंनी फ्रेनसन। फ्रेनसन ने पहले राउंड में एक अंक की बढ़त बना ली और दूसरे राउंड में भी वह आगे चल रहीं थीं लेकिन अंतिम 20 सेकंड में एरिका ने गज़ब की वापसी करते हुए फ्रेनसन को चित कर मुक़ाबला जीत लिया और मुम्बई को 4-2 की अपराजेय बढ़त दिला दी।
मुम्बई की चार मैचों में यह दूसरी जीत रही जबकि जयपुर को लगातार दो जीत के बाद पहली हार का सामना करना पड़ा।
पहले मैच में मुम्बई के जेब्रिल हसानोव ने 74 किलोग्राम वर्ग में जैकब मकार्शविली को 3-1 से हरा दिया। दूसरे मैच में जयपुर की रितु फोगाट ने 48 किलोग्राम में कैरोलिना कैस्टिलो को दूसरे राउंड के बेहतरीन प्रदर्शन से 4-1 से पराजित कर दिया।
65 किलोग्राम में विकास ने राहुल मान को हराया। राहुल के पास पहले राउंड में 4-2 की बढ़त थी लेकिन विकास ने शानदार वापसी की। स्कोर 6-6 से बराबर रहा लेकिन विकास को अंतिम बड़े अंक के कारण विजेता घोषित किया गया।
जयपुर की बेत्जाबेथ अार्गुएलो ने 53 किलोग्राम में ललित सहरावत को 5-2 से पराजित कर दिया। दोनों टीमें अब 2-2 से बराबर हो चुकीं थीं लेकिन अगले मैच में राहुल अवारे ने उत्कर्ष काले को 57 किलोग्राम में 9-6 से हराकर मुम्बई को 3-2 की बढ़त दिला दी। एरिका ने छठा मैच जीत कर मुम्बई को 4-2 से आगे कर उसकी जीत सुनिश्चित कर दी।
आखिरी मैच में 97 किलोग्राम में एलिजबार ओदिकाद्जे ने पाव्लो ओलिनिक को 3-2 से हराकर जयपुर की हार का अंतर कम किया।


