अपर कलेक्टर ने मेडिकल कालेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अपर कलेक्टर जेके धु्रव ने राजनांदगांव शहर स्थित शासकीय मेडिकल कालेज अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया

राजनांदगांव। अपर कलेक्टर जेके धु्रव ने राजनांदगांव शहर स्थित शासकीय मेडिकल कालेज अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरिजों की मांग पर अस्पताल के सभी वार्डो में कूलरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
ज्ञातव्य हो कि कलेक्टर भीम सिंह द्वारा अपर कलेक्टर श्री धु्रव को शासकीय मेडिकल कालेज अस्पताल में सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु गठित समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री धु्रव ने अस्पताल के सभी वार्डो में पहुंचकर मरिजों की ईलाज एवं मरिजों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी ली।
धु्रव ने प्रसूति वार्ड में पहुंचकर नव प्रसूतों से ईलाज एवं उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। वार्ड में भर्ती नव प्रसूताओं ने अपने घर से 108 आदि शासकीय वाहनों से मेडिकल अस्पताल पहुंचने एवं अस्पताल में समय पर नाश्ता, भोजन, दूध, फल इत्यादि समय पर मिलने की जानकारी दी। वार्ड में भर्ती मरिजों ने चिकित्सकों एवं स्टॉफ द्वारा नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कर ईलाज की समुचित सुविधा मुहैया कराने की जानकारी दी।
धु्रव ने पुरूष मेडिकल वार्ड, शिशु वार्ड, अस्थि वार्ड, ब्लड बैंक आदि में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, स्टीवर्ड श्री तिवारी सहित अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।


