अपना दल विधायकआरोपी पुलिस अफसरों के खिलाफ कार्रवाई से संतुष्ट नहीं
उत्तर प्रदेश में भाजपा) के सहयोगी अपना दल विधायक पुलिस उत्पीड़न की घटना में आरोपी पुलिस अफसरों के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद योगी सरकार के खिलाफ बागी तेवर अपनाये हुये हैं।

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी अपना दल विधायक पुलिस उत्पीड़न की घटना में आरोपी पुलिस अफसरों के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद योगी सरकार के खिलाफ बागी तेवर अपनाये हुये हैं।
सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाने के पकड़ी चौराहे पर पुलिस उत्पीड़न की घटना में कार्रवाई की मांग को लेकर शोहरतगढ़ विधानसभा सीट के अपना दल के विधायक अमर सिंह चौधरी इस मामले में शोहरतगढ़ थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद मिश्र के निलंबन और क्षेत्राधिकारी नईम अंसारी के पुलिस लाइन में तबादले के बावजूद संतुष्ट नहीं हैं।
चौधरी ने प्रदेश सरकार पर दलित और पिछड़े वर्ग के उत्पीड़न का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ रवाना हो गए।
चौधरी ने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था से निपटने में विफल होने का आरोप लगाते हुए कहा की यदि प्रदेश की कानून व्यवस्था जल्द नहीं सुधरी तो वह विपक्ष में बैठने को तैयार हैं।
उन्होने बताया कि पिछले सोमवार को पकड़ी चौराहे पर विवाद के निपटारे के लिए गए उप निरीक्षक ललित मोहन राव और सिपाही तारक नाथ मौर्य के साथ बदसलूकी की घटना के बाद पुलिस ने मामले से निपटने के लिए बर्बरता की सारी हदें पार कर दी और बेगुनाहों का भी उत्पीड़न किया। चौधरी ने कहा कि इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से कर कार्रवाई की मांग की पर उन्हें न्याय नहीं मिल सका।


