Top
Begin typing your search above and press return to search.

उत्तर प्रदेश में हुई सड़क दुर्घटना में 34 मरे, 53 घायल

लखनऊ ! उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई सडक दुर्घटना में कम से कम 34 लोगों की मृत्यु हो गई जबकि 53 अन्य घायल हो गये।

उत्तर प्रदेश में हुई सड़क दुर्घटना में 34 मरे, 53 घायल
X

लखनऊ ! उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई सडक दुर्घटना में कम से कम 34 लोगों की मृत्यु हो गई जबकि 53 अन्य घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि आगरा के न्यू आगरा क्षेत्र में आज हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मृत्यु हो गई और तीन लोग घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि न्यूआगरा इलाके में बस स्टाप के पास गोपालगंज बिहार निवासी टैंकर चालक विनय कुमार सिंह ने दो आटो में टक्कर मार दी, जिससे आटो में सवार पांच लोगों सतीश चन्द गुप्ता (45), योगेन्द्र सिंह चौहान (26) विजय पाल(45), बृजेश यादव (22), अनूप उर्फ अन्नू शर्मा(22) अनिल कुमार शर्मा ( 60) और एक अज्ञात की मौके पर मृत्यु हो गयी तथा दो व्यक्ति घायल हो गये।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इस घटना के सम्बन्ध मामला दर्ज कर चालक विनय कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
इसके अलावा आगरा के हरिपर्वत क्षेत्र में कल रात ट्रांसपोर्ट नगर में इनोवा वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी जिससे उसपर सवार पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई और तीन घायल हो गये। मृतकों में दो की शिनाख्त राकेश और उसके पुत्र के रुप हुई है।

जालौन से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जालौन शहर कोतवाली क्षेत्र में कोतवाली शहर मार्ग पर तडके गिट्टी लदा डम्पर बेकाबू होकर सड़क किनारे स्थित पप्पू लोहार की झोपडी पर पलट गया। हादसे में पप्पू (40) उसकी पत्नी माया (35), पुत्री नंदनी (15), 12 साल का पुत्र विजय और नौ साल के जय की सोते समय मृत्यु हो गई।

महोबा से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार महोबा के श्रीनगर क्षेत्र में आज भंडारा गाँव निवासी संतोष (24) अपने खेत जा रहा था। इस बीच, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी।

कानपुर देहात से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार कानपुर देहात के मंगलपुर क्षेत्र में आज एक कार और ट्रक की भिडन्त में दो लोगों की मृत्यु हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि जबरपुर मनकापुर सिकन्दरा निवासी कार सवार मंझपतिया गांव से शादी समारोह में शामिल होकर गांव वापस लौट रहे थे। मंगलपुर इलाके के लौआपुरवा के पास सुबह उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गयी। हादसे में कार सवार आलोक और रजपाल उर्फ रघुनाथ की मौके पर ही मृत्यु हो गई और राजू, रवीन्द्र तथा मयंक घायल हो गये।

प्रतापगढ से प्राप्त सूचना के अनुसार प्रतापगढ के कोतवाली नगर क्षेत्र में प्रतापगढ-पट्टी रोड पर महुली बाजार के पास कल रात रोडवेज बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मृत्यु हो गयी

जौनपुर से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जौनपुर के सिगरामऊ क्षेत्र में आज रोडवेज और ट्रक की टक्कर में बस सवार दो यात्रियों की मृत्यु हो गयी तथा 11 लोग घायल हो गए।

हरदोई से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार हरदोई जिले में कोतवाली क्षेत्र के कुम्मा पुरवा निवासी सुरेश पाल पुत्र पंकज और पत्नी कृष्णा देवी के साथ अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार से मिलने मोटरसाइकिल से जा रहे थे। हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर खड़े ट्रैक्टर से उनकी मोटरसाइकिल जा टकरायी। हादसे में सुरेशपाल और पंकज की मत्यु हो गयी जबकि कृष्णा देवी घायल हो गयी।
दूसरी घटना, टडियावा क्षेत्र के गुलरिया गांव निवासी इस्माइल ममेरे भाई इस्लामुद्दीन के साथ साइकिल से रिश्तेदार के घर जा रहा था। इस बीच, कोतवाली क्षेत्र में पुलिस लाइन के सामने तेजरफ्तार ट्रक ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी जिससे इस्माइल की मृत्यु हो गयी और इस्लामुद्दीन घायल हो गया।

सोनभद्र से प्राप्त सूचना के अनुसार सोनभद्र के बीजपुर क्षेत्र में बारातियों को ले जा रही एक मिनी ट्रक के पलटने से 20 बाराती घायल हो गये।

फैजाबाद से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार फैजाबाद के पूराकलन्दर क्षेत्र में आज बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में छह लोग घायल हो गये।

लखनऊ से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार लखनऊ के गोमतीनगर और चिनहट क्षेत्र में आज हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मृत्यु हो गई।

मिर्जापुर से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार मिर्जापुर जिले के मडिहान क्षेत्र में आज हुई सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मृत्यु हो गई

फर्रुखाबाद से प्राप्त सूचना के अनुसार फर्रूखाबाद जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में आज एक बस पर्यटकों को लेकर एक बस मुम्बई से नेपाल जा रही थी। फर्रूखाबाद शहर कोतवाली क्षेत्र में भाऊपुर खुर्द के पास चालक को अचानक झपकी आ गई और बस उसके नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे खडे खम्भे से टकरा गई। हादसे में नेपाल के कोयेलाली निवासी धनदेवी, कल्पना, आकाश और संजय थापा नामक चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। घायलों को डाॅ0 राममनोहर लोहिया अस्पताल भेज दिया गया है।

शाहजहांपुर से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार शाहजहांपुर के अल्लाहगंज क्षेत्र में आज ट्रक और टैक्सी के बीच हुई भिडन्त में टैक्सी चालक की मृत्यु हो गई जबकि उसका मामा गंभीर रुप से घायल हो गया।

हादसे में गंभीर रुप से घायल मामा-भांजे को फर्रुखाबाद के डा0 राम मनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया जहां रोहित को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि खुशीराम का अस्पाल में उपचार चल रहा है।

कन्नौज से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार कन्नौज के सदर कोतवाली क्षेत्र के तिखवा निवासी रजत उर्फ लल्ला कटियार(23) कटियार गांव निवासी अपने दोस्त आकाश(20) के साथ मोटरसाइकिल से आटी निवासी मौसी के यहां जा रहे थे। इस बीच, पुराने शिमला गेट के पास मानीमऊ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में रजत की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि उसका दोस्त आकाश गंभीर रुप से घायल हो गया।
गंभीर रुप से घायल आकाश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे कानपुर ले जा रहे थे लेकिन उसकी रास्ते में ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद टैंकर चालक ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it