हिमाचल में आईटी इंजीनियर सहित 31 नये कोरोना पाजिटिव आये सामने
हिमाचल प्रदेश में पिछले चौबीस घंटों में वैश्विक महामारी (कोविड-19) के 31 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 806 हो गई है।

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले चौबीस घंटों में वैश्विक महामारी (कोविड-19) के 31 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 806 हो गई है।
यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आर.डी. धीमान ने दी । उन्होंने बताया कि इस अवधि में सोलन में तीन, चंबा चार, हमीरपुर 16, कांगड़ा तीन, ऊना तीन और बिलासपुर-शिमला में एक-एक मामला आया है। गत 19 जून को बिना अनुमति के दिल्ली से लौटे सोलन के शिल्ली गांव की मां-बेटी और बद्दी से एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब सोलन में कुल एक्टिव मामले 50 हो गए हैं। जिला चंबा में समोट स्वास्थ्य खंड में पॉजिटिव आए चार लोग एक ही परिवार संबंधित हैं।
हमीरपुर जिले में भी शाम को 16 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं। इसमें नादौन छह, गलोड़ दो, भोरंज चार-, बड़सर में दो पॉजिटिव केस आए हैं।गत 15 जून को दिल्ली से लौटा 32 वर्षीय आईटी इंजीनियर कांगड़ा जिला के पुड़बा गांव का रहने वाला है इसके साथ ही कुरल गांव का 19 वर्षीय छात्र भी पॉजिटिव पाया गया है। दोनों परौर में संस्थागत क्वारंटीन थे। वहीं जयसिंहपुर उपमंडल के उत्तरापुर गांव की 43 साल की महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। महिला 17 जून को दिल्ली से आई थी।
वहीं, बिलासपुर जिले में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शिमला शहर में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 40 वर्षीय व्यक्ति 18 जून को दिल्ली से लौटा था और संस्थागत क्वारंटीन में था। सीएमओ शिमला डॉ. सुरेखा चोपड़ा ने इसकी पुष्टि की है। ऊना जिले में देर रात तीन नए पॉजिटिव केस आए है। इसमें बसदेहरा की एक महिला और पुरुष, अंब क्षेत्र से एक व्यक्ति पॉजिटिव निकला है।
ज्ञातव्य है कि राज्य में अब तक 466 लोगों ने कोरोना काे मात दी तथा 321 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है । राज्य में अब कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 806 हो गया है वहीं 466 मरीज स्वस्थ होने के बाद सक्रिय मामले 321 उपचाराधीन हैं। ग्यारह मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं तथा अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है।


