विश्व में कोरोना संक्रमण से 3.73 लाख लोगों की मौत, 62 लाख से अधिक संक्रमित
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड 19) से संक्रमितों की संख्या 62 लाख से अधिक हो गयी है जबकि इस महामारी से अब तक 3.73 लाख से अधिक लोग काल का ग्रास बन चुके हैं

बीजिंग/जिनेवा/नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड 19) से संक्रमितों की संख्या 62 लाख से अधिक हो गयी है जबकि इस महामारी से अब तक 3.73 लाख से अधिक लोग काल का ग्रास बन चुके हैं।
अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस से दुनिया भर में अब तक 62,15,335 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 3,73,419 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में अमेरिका विश्व भर में पहले और ब्राजील दूसरे तथा रूस तीसरे स्थान पर है। दूसरी तरफ इस महामारी से हुई मौत के आंकड़ों में भी अमेरिका पहले नंबर पर है जबकि ब्रिटेन दूसरे और इटली तीसरे क्रम पर है। अकेले अमेरिका में ही एक लाख से अधिक लोग कोरोना की महामारी में काल के गाल में समा चुके हैं।
भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के एक दिन में अब तक के सर्वाधिक 8392 नये मामले सामने आये हैं तथा 230 लोगों की जानें गयी जबकि इस बीमारी से 4835 मरीज रोगमुक्त हुए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इसके संक्रमण से अब तक 1,90,535 लोग प्रभावित हुए हैं तथा 5394 लोगों की मौत हुई है जबकि 91,819 लोग इस बीमारी से निजात पाने में कामयाब हुए हैं। बहरहाल अब यहां कोरोना संक्रमण के 93,322 सक्रिय मामले हैं।
विश्व महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना की महामारी से अब तक 17,92,512 लोग प्रभावित हो चुके हैं जबकि 1,04,435 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। ब्राजील में संक्रमितों की संख्या पांच लाख से अधिक हो चुकी है। यहां 5,14,849 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और 29,314 लोगों की मौत हो चुकी है।
रूस में भी कोविड-19 का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और यहां इसके संक्रमण से अब तक 4,14,878 लोग प्रभावित हुए हैं जबकि 4855 लोगों ने जान गंवाई है। ब्रिटेन में भी इस संक्रमण के कारण हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। यहां अब तक इस महामारी से 2,76,156 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 38,571 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
यूरोपीय देश इटली में भी इस महामारी ने बहुत कहर बरपाया है। यहां अब तक इसके कारण 33,415 लोगों की मौत हुई है और 2,33,019 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। स्पेन में अब तक 2,39,479 लोग संक्रमित हुए है जबकि 27,127 लोगों की मौत हो चुकी है।
वैश्विक महामारी कोरोना के उद्गमस्थल चीन में अब तक 84,146 लोग संक्रमित हुए हैं और 4638 लोगों की मृत्यु हुई है। यूरोपीय देश फ्रांस और जर्मनी में भी इस जानलेवा विषाणु के कारण स्थिति काफी खराब है। फ्रांस में अब तक 1,89,009 लोग संक्रमित हुए हैं और 28,805 लाेगों की मौत हो चुकी है। जर्मनी में कोरोना वायरस से 1,83,410 लोग संक्रमित हुए हैं और 8,540 लोगों की मौत हुई है।
तुर्की में कोरोना से अब तक 1,63,942 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 4,540 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित खाड़ी देश ईरान में 1,54,445 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 7878 लोगों की इसके कारण मौत हुई है।
मेक्सिको में 9930, बेल्जियम में 9486, कनाडा में 7374, नीदरलैंड में 5975, पेरू में 4506, स्वीडन में 4403, इक्वाडोर में 3358, स्विट्जरलैंड में 1920, आयरलैंड में 1652 और पुर्तगाल में 1410 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा पड़ोसी देश पाकिस्तान में कोरोना संक्रमितों की संख्या 70 हजार के करीब पहुंच गयी है। पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2962 नये मामले सामने आये जबकि 60 और लोगों की मौत हो गयी। यहां अब तक 72,458 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 1543 लोगों की मौत हो चुकी है।


