Top
Begin typing your search above and press return to search.

देश में कोरोना संक्रमण के 14,821 नये मामले

देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटों में 14,821 नये मामले सामने आने के साथ संक्रमितों का आंकड़ा सवा चार लाख से अधिक हो गया

देश में कोरोना संक्रमण के 14,821 नये मामले
X

नयी दिल्ली । देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटों में 14,821 नये मामले सामने आने के साथ संक्रमितों का आंकड़ा सवा चार लाख से अधिक हो गया। राहत की बात हालांकि यह भी रही कि इसी अवधि में करीब 10 हजार लोग रोगमुक्त भी हुए।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस के संक्रमण के नये मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,25,282 हो गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान इस बीमारी से 445 लोगों की मौत के साथ कुल मृतकों की संख्या बढ़कर अब 13,699 हो गयी है। दूसरी तरफ इस बीमारी से निजात पाने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है और इसी अवधि में 9437 रोगी ठीक हुए हैं , जिन्हें मिलाकर अब तक कुल 2,37,196 मरीज रोगमुक्त हो चुके हैं। बहरहाल देश में अभी कोरोना संक्रमण के 1,74,387 सक्रिय मामले हैं।

कोरोना की महामारी से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के संंक्रमण के 3870 मामले दर्ज किये गये और 186 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,32,075 और मृतकों की संख्या बढ़कर 6170 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 1591 रोगमुक्त हुए हैं जिसके बाद स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 65,744 हो गयी है।

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना की महामारी ने कहर बरपा रखा है और संक्रमण के लगातार बढ़ते आंकड़ों के साथ अब यह देश में दूसरे स्थान पर आ गया है। पिछले 24 घंटों में 3000 नये मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 59,746 हो गया। इसी अवधि में 63 मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 2175 हो गयी। मृतक संख्या के हिसाब से दिल्ली महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर है। राजधानी में 33,013 मरीज रोगमुक्त हुए हैं , जिन्हें विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु तीसरे स्थान पर है, जहां कुल संक्रमितों की संख्या अब 59,377 पर पहुंच गयी है और अब तक इस वायरस से 757 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 32,754 लोगों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद तीसरे स्थान पर है। गुजरात में अब तक 27,260 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 1663 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 19,349 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुये हैं।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के अब तक 17,731 मामले सामने आए हैं तथा इस वायरस से से 550 लोगों की मौत हुई है जबकि 10,995 मरीज स्वस्थ हो गए हैं।

राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 14,930 हो गयी है और अब तक 349 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11,597 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं।
पश्चिम बंगाल में 13,945 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 555 लोगों की मौत हुई है और अब तक 8297 लोग स्वस्थ हुये हैं। मध्य प्रदेश में 11,903 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 515 लोगों की इससे मौत हुयी है जबकि 9015 लोग स्वस्थ हुए हैं।

दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक में 9150 और आंध्र प्रदेश में 8999 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इन राज्यों में इससे मरने वालों की संख्या क्रमश: 137 और 106 है।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5956 हो गई है और अब तक इससे 82 लोगों की मौत हुई है। हरियाणा में 160, पंजाब में 99, बिहार में 53 , उत्तराखंड में 27, केरल में 21, ओडिशा में 14 , झारखंड और छत्तीसगढ़ में 11-11 , असम में नौ , हिमाचल प्रदेश और पुड्डुचेरी में आठ-आठ , चंडीगढ़ में छह, त्रिपुरा, लद्दाख और मेघालय में इस महामारी से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it