Top
Begin typing your search above and press return to search.

चोरों ने गैस कटर से तिजोरी काटी,आग लगने से 18 लाख स्वाहा

हरदीबाजार इलाके में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब यहां संचालित सहकारी बैंक से 18.77 लाख रूपए की चोरी कर लिए जाने की खबर आम हुई

चोरों ने गैस कटर से तिजोरी काटी,आग लगने से 18 लाख स्वाहा
X

सहकारी बैंक में सनसनी खेज

चोरी की वारदात

पुुलिस कर ही छानबीन

कोरबा। हरदीबाजार इलाके में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब यहां संचालित सहकारी बैंक से 18.77 लाख रूपए की चोरी कर लिए जाने की खबर आम हुई। मौके पर पहुंचे बैंक व पुलिस अधिकारी तब भौचक रह गए जब यहां तिजोरी में जली हुई नोट की एक गड्डी और शेष नोटों की राख मिली।

चोर अपने साथ रूपए ले जाने में सफल हुए हैं या नहीं यह तो उनके पकड़े जाने के बाद स्पष्ट होगा, पर यह भी माना जा रहा है कि गैस कटर से लगी आग में सारे रूपए जलकर स्वाहा हो गए।

जानकारी के अनुसार हरदीबाजार में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर की दीपका शाखा संचालित है। हर दिन की तरह मंगलवार को भी बैंक का कामकाज निपटाकर अधिकारी-कर्मचारी अपने घर चले गए। आज सुबह करीब 9 बजे बैंक का भृत्य बोधराम चन्द्राकर यहां पहुंचा और ताला खोलकर भीतर घुसा तो जलने की गंध आई व धुआं फैला मिला।

बैंक के पिछले हिस्से के चैनल गेट का ग्रिल कटा हुआ देखा। उसने तत्काल शाखा प्रबंधक सत्यप्रकाश कुर्रे को जानकारी दी जो मौके पर पहुंचा। थोड़ी ही देर में यहां अन्य अधिकारी व कर्मी भी पहुंच गए। सूचना मिलते ही हरदीबाजार चौकी प्रभारी निरीक्षक शरद चन्द्रा मातहतों के साथ बैंक पहुंचे।

शरद चन्द्रा द्वारा अवगत कराये जाने पर थोड़ी ही देर में पुलिस अधीक्षक मयंक श्रीवास्तव, सीएसपी दर्री पुष्पेन्द्र बघेल, कुसमुंडा टीआई अम्ब्रोस कुजूर, क्राईम ब्रांच प्रभारी केके ध्रुव, डॉग स्क्वाड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व अन्य घटनास्थल पहुंचे व अवलोकन किया।

अवलोकन में पाया कि गैस कटर से बैंक के पिछले हिस्से के चैनल गेट का ताला काट कर भीतर घुसे चोरों ने बैंक के चेस्ट रूम में मौजूद तिजोरी को गैस कटर से काट कर खोलने व रूपए ले जाने का प्रयास किया। कहा जा रहा है कि गैस कटर से निकली चिंगारी के कारण तिजोरी के भीतर रखे नोटों के बंडल व अन्य दस्तावेजों में आग लग गई।

शाखा प्रबंधक व कैशियर के मुताबिक तिजोरी में 18 लाख 77 हजार 818 रूपए रखे हुए थे, जिसमें से मात्र 200 के नोट की एक गड्डी अधजली हालत में शेष मिली है। चोर अपने साथ रकम ले जा पाये हैं या नहीं, इस पर सस्पेंस बना हुआ है लेकिन मौकास्थल को देखते हुए माना जा रहा है कि चोरों के हाथ नोट नहीं लग पाए हैं।

बहरहाल पुलिस ने मौके से चोरों द्वारा छोड़ी गई घरेलू गैस सिलेंडर सहित गैस कटर, पाईप आदि जब्त कर चोरों का सुराग तलाशने में पूरी ताकत झोंक दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी पकड़ में होंगे। चोरों का सुराग तलाशने के लिए दर्री सीएसपी के नेतृत्व में अलग-अलग 5 टीम गठित की गई है। संदेहियों की भी धर-पकड़ कर पूछताछ की जा रही है।

बैंक प्रबंधन की घोर लापरवाही
इस वारदात में बैंक प्रबंधन की घोर लापरवाही सामने आई है। बैंक में न तो सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं और न ही रात में सुरक्षा के लिए कोई चौकीदार या गार्ड की नियुक्ति की गई है। आपात परिस्थितियों के लिए सायरन भी बैंक में नहीं लगाया गया है।

बैंक के पिछले हिस्से में जिस रास्ते से चोर घुसे थे, वहां चैनल गेट के बाद एक शटर लगा हुआ है लेकिन बैंक कर्मी इस शटर को बंद न कर खुला छोड़ दिया करते हैं। एकमात्र कांचयुक्त दरवाजा ही बंद रहता है। सुरक्षा के उपायों से बैंक प्रबंधन पूरी तरह परहेज करता दिखा। माना जा रहा है कि इस तरह की लापरवाही का फायदा जाने-समझे व्यक्ति की मदद से चोरों ने उठाने का प्रयास किया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it