मुंबई। महाराष्ट्र के आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने रविवार सुबह दो आतंकवादियों को गिरफ्तार कर सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के तेल टर्मिनलों और दक्षिणी मुंबई के एक मॉल पर हमले की योजना को नाकाम करने का दावा किया है। शहर की एक अदालत ने दोनों गिरफ्तार आतंकवादियों को 18 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। एटीएस के प्रमुख के.पी. रघुवंशी ने संवाददाताओं को बताया कि लतीफ और रियाज नामक इन दोनों संदिग्धों को जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) के संवेदनशील न्हावा-शेवा इलाके से एक गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गयाइन दोनों को मुंबई की एक अदालत में पेश किया गया और अदालत ने उनको 18 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। रघुवंशी ने कहा कि इसके बाद जेएनपीटी के न्हावा-शेवा और अन्य इलाके में एक गश्त की गई। इन दोनों के पास से इलाके के कई मानचित्र बरामद हुए हैं और अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी संगठनों से इनका संबंध होने का संदेह है। रघुवंशी ने कहा कि इन दोनों ने पाकिस्तान में प्रशिक्षण हासिल किया था और वहां के कुछ आतंकवादी संगठनों के संपर्क में थे। बहरहाल उन्होंने इन आतंकवादी संगठनों के नाम बताने से इंकार कर दिया। जेएनपीटी शहर के अति-संवेदनशील क्षेत्रों में से एक है और कोलाबा से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर है। मुंबई पर 26 नवंबर 2008 को हमला करने वाले आतंकवादी कोलाबा तट पर ही उतरे थे।