बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में हिंसा की ताजा घटना में पुलिस अधीक्षक 'नगर' राजेश कुमार जौली समेत पन्द्रह लोग घायल हो गये हैं जबकि सुभाषनगर थाना क्षेत्र भी आज कर्फ्यू की जद में आ गया। शहर के कोतवाली.बारादरी.किला और प्रेमनगर थाना क्षेत्रों में पिछले दो मार्च की शाम से ही दो गुटो के बीच हिंसा के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था। आज सुभाषनगर थाना क्षेत्र में कर्फ्यू लगाने से लगभग पूरा बरेली शहर ही कर्फ्यू की चपेट में है। नये कर्फ्यूग्रस्त सुभाषनगर में गोली लगने से आज एक व्यक्ति घायल हो गया जबकि बारादरी के संजयनगर में गोली लगने से चार लोग घायल हो गए। शहर में धार्मिक उन्माद भडकाने के आरोप में आठ मार्च को गिरफ्तार इत्तेहाद मिल्लत कौसिल .आईएमसी. के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां की रिहाई के बाद कल देर रात दो गुटों के लोग आमने सामने आ गये । इस दौरान शहर के बारादरी क्षेत्र के कालीबाडी, कटरा चांद खां, जगतपुर और हिम्मतगंज इलाकों में हिंसा, पथराव और आगजनी की घटनाएं हुई । दोनों पक्षों ने जमकर नारेबाजी एवं पथराव किया तथा कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया । सुरक्षा बलों ने काफी मशक्कत के बाद हालात नियंत्रित की । शहर में हो रही इन घटनाओं के बीच आधी रात के करीब भारतीय जनता पार्टी .भाजपा. की उत्तर प्रदेश इकाई के महामंत्री और बरेली शहर क्षेत्र के विधायक राजेश अग्रवाल और पूर्व केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने दंगे के दोषियों की शिनाख्त करके उन्हें सजा दिलाये जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी आवास के बाहर धरना शुर कर दिया।