नई दिल्ली। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मामलों की सलाहकार नीना फेडोरोफ भारतीय वैज्ञानिकों के निमंत्रण पर सोमवार की देर रात राजधानी दिल्ली पहुंचीं। फेडोरोफ का नई दिल्ली दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब बीटी बैंगन की खेती पर मंगलवार की शाम पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने अनिश्चित काल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। फेडोरोफ के इस दौरे ने यहां कयासों को जन्म दे दिया है, क्योंकि अतीत में उन्होंने भारतीय उद्योग से आग्रह किया था कि वह अपने यहां बीटी बैंगन जैसे जीन परिवर्धित फसलों के शोध व विकास को बढ़ावा दे। अमेरिकी दूतावास और पर्यावरण मंत्रालय ने इस बात से इंकार किया है कि फेडोरोफ के दौरे का बीटी बैंगन के निर्णय से कुछ लेना-देना है। अमेरिकी दूतावास के एक प्रवक्ता ने बताया, "डॉ. नीना फेडोरोफ भारतीय वैज्ञानिक समुदाय के निमंत्रण पर नई दिल्ली आई हुई हैं। उनके इस दौरे का बीटी बैंगन पर भारत के निर्णय से कुछ भी लेना-देना नहीं है।" पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने भी इस बात की पुष्टि की है कि फेडोरोफ से मंगलवार को उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई है।