श्रीनगर। कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर की एक सीमा चौकी मंगलवार को हिमस्खलन की चपेट में आ गई। इस हादसे में एक जवान की मौत हो गई जबकि 13 को बचा लिया गया। बारामूला में सोमवार को भी हिमस्खलन की एक घटना हुई थी जिसमें एक अधिकारी सहित 17 जवानों की मौत हो गई थी। सेना के एक प्रवक्ता ने बताया, "14 जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। राहत व बचाव कार्य के जरिए 13 जवानों को बचा लिया गया। एक जवान को बचाया नहीं जा सका। वह बुरी तरह घायल हो गया था। बाद में उसने दम तोड़ दिया। " उल्लेखनीय है कि जम्मू एवं कश्मीर के बारामूला जिले के ऊंचाई वाले इलाके में सोमवार को एक सैनिक प्रशिक्षण शिविर के जबर्दस्त हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना के एक अधिकारी सहित कम से कम 17 जवानों की मौत हो गई थी।