मुएंस्टर, 9 फरवरी । पोलैंड में जन्मी एक कलाकार ने पोप जॉन पॉल द्वितीय की 40 मीटर लंबी एक पेंटिंग बनाई है। वह कहती हैं कि उन्हें लगता है कि दिवंगत पोप की अब तक की यह सबसे बड़ी पेंटिंग है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक यह पेंटिंग 26 कैन्वसों की एक श्रृंखला पर बनी है। प्रत्येक कैन्वस 2.5 मीटर ऊंचा है। यह पेंटिंग लोगों के देखने के लिए बुधवार को मुएंस्टर के एक थियेटर में रखी जाएगी। इसे अप्रैल तक देखा जा सकेगा।
इस पेंटिंग को 'ओह कैरोल' नाम दिया गया है। पेंटिंग में पोलैंड में जन्मे कैरोल वोजट्याला का चित्र है। वोजट्याला 1978 से 2005 तक पोप रहे हैं।
पेंटिंग बनाने वाली 40 वर्षीय कलाकार एनीटा कुचलर-मोंसी ने कहा, "मेरा विषय पोप द्वारा उठाई गई जिम्मेदारियां थीं। वह एक साधारण मनुष्य थे लेकिन उनके काम और लक्ष्य ने उनसे असाधरण मांगें की थीं।"
मोंसी ने दो वर्षो में इस पेंटिंग को बनाया है। इसकी सही लंबाई 39.5 मीटर है।
|