महंगाई व आईपीएल
नई दिल्ली ! इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के खिलाड़ियों की सुरक्षा के मुद्दे पर शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे से मुलाकात करने वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष और केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार कांग्रेस के निशाने आ गए हैं।
ठाकरे से पवार की मुलाकात पर नाराजगी जाहिर करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार क्रिकेट खिलाड़ियों को सुरक्षा मुहैया कराने में सक्षम है, ऐसे में इसके लिए किसी और व्यक्ति से अनुमति लेने की कोई आवश्यकता नहीं थी जबकि कांग्रेस प्रवक्ता ने महंगाई पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इसे काबू में करने की जिम्मेदारी कृषि व खाद्य आपूर्ति मंत्रालय की है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि खाद्य महंगाई पूरी तरह से कृषि व खाद्य आपूर्ति मंत्रालय के अधीन का मामला है। यह दोनों मंत्रालय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता शरद पवार के पास है।
चव्हाण ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''मैं नहीं समझता कि राज्य में किसी और व्यक्ति से अनुमति लेने की आवश्यकता है। सरकार सक्षम है, यह राज्य की अधिकारी है और राज्य में दो सरकारें नहीं चल सकतीं।''
चव्हाण की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब एक दिन पहले ही केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने रविवार को ठाकरे से मुलाकात की और आईपीएल में आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की भागीदारी का विरोध न करने की अपील की थी।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को राहुल ने मुंबई का दौरा किया था, उनके इस दौरे से शिव सेना पूरी तरह बैकफुट पर चली गई थी। अलबत्ता शिव सेना प्रमुख से उनकी इस मुलाकात के कई मायने निकालने जा रहे हैं।
|