रायपुर ! बारहवीं की परीक्षा देने गए युवक की बाइक से मोबाइल पार करने वाले आरोपी को आज सुबह क्राइम ब्रांच ने उसके घर के पास से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी पर हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले पूर्व से दर्ज हैं। हत्या के प्रकरण में नाबालिग होने के कारण से जमानत पर रिहा कर दिया गया था लेकिन अब दोबारा उसी प्रकरण पर उसके खिलाफ जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। खबर के मुताबिक 11 मार्च को निवेदिता स्कूल गुरूनानक चौक में बारहवीं की परीक्षा देने गया शादाब कुरैशी अपने मोबाइल को बाइक की डिक्की में रखकर परीक्षा देने के लिए गया था। जब लौटा तो उसकी डिक्की से मोबाइल पार हो गया था। उसने पुलिस ने में मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। शादाब को जानकारी मिली कि उसका मोबाइल कादर बाड़ा निवासी शेख अफसर (19) के पास देखा गया है। इस बात की सूचना उसने पुलिस को दी। आज सुबह क्राइम ब्रांच की टीम ने कादर बाड़ा के पास से आरोपी शेख अफसर को धर दबोचा। उल्लेखनीय है कि आज से तीन साल पहले फुंडहर के पास एक इंजीनियर राजेन्द्र ढ़ीढ़ी की किसी धारदार नुकीले हथियार को घोपकर उसकी हत्या कर दी गई थी। राजेन्द्र ढ़ीढ़ी हत्याकांड में पुलिस ने जब पतासाजी की तो शेख अफसर और उसके तीन साथियों के हाथ होने की जानकारी मिली। हत्या के उस प्रकरण में शेख अफसर को गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन उस समय वह नाबालिग था जिसके चलते जमानत पर उसकी रिहाई हो गई थी। उसके बाद आरोपी शेख अफसर की 2009 में क्राइम ब्रांच ने ही आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तारी की थी। बताया जा रहा है कि चोरी के मामले में फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कर दिया गया है। इसके अलावा उसके खिलाफ दर्ज दोनों अपराधों को भी न्यायालय के संज्ञान में लाया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।