कोटा। राजस्थान के कोटा की केन्द्रीय कारागार में सजा काट रहे एक बंदी की आज सुबह अस्पताल में मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कोटा केन्द्रीय कारागार के एक बंदी गुड्डू उर्फ गजराज सिंह 35 को आज सुबह अचानक तबीयत बिगडने के बाद कोटा केन्द्रीय कारागार से एमबीएस अस्पताल लाया गया था. जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बूंदी जिले के दबलाना थाना टीकडदा गांव निवासी गजराज सिंह और उसके भाई रंजीत सिंह को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बूंदी की एक अदालत द्वारा दोनों भाईयों को आजीवन कारावास की सजा सुनाये जाने के बाद उन्हें वर्ष 2008 में कोटा की केन्द्रीय कारागार में रखा गया था। गजराज सिंह के शव को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर उसके परिवारजनों को सौंप दिया गया है और उसकी मृत्यु के कारणों की मजिस्ट्रेट से जांच करवाई जायेगी।