रायपुर ! बीती रात एक निजी टीवी न्यूज चैनल के ओबी वेन से किसी अज्ञात ने जनरेटर पार कर दिया था। सुबह पुलिस को चैनल के कर्मियों ने सूचना दी और शिकायत दर्ज कराया। देवेन्द्र नगर थाना अमले से एक प्रधान आरक्षक व दो आरक्षकों को प्रकरण सौंपा गया था। महज दो घंटे के भीतर विवेचनाकर्ता पुलिस कर्मियों ने आरोपी को ढूंढ निकाला। माफीनामा लेकर आरोपी को रिहा कर दिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात देवेन्द्र नगर में स्थित एक निजी टीवी चैनल के दफ्तर के सामने खड़ी ओबी वेन के पिछले हिस्से को खोलकर किसी अज्ञात ने जनरेटर पार कर दिया और बकायदा वेन की चाबी को दफ्तर के मुख्य द्वार के पास फेंककर चला गया। सुबह जब चैनल कर्मियों ने देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। इस मामले की विवेचना के लिए प्रधान आरक्षक आरएन भारती, आरक्षक मोहित वर्मा और विक्रम वर्मा को नियुक्त किया गया। टीम ने मौके पर मौजूद चैनल कर्मियों से सामान्य जानकारी ली, उसके बाद किसी पर संदेह होने की बात पूछी गई। चैनल कर्मियों को ध्यान आया कि कुछ समय पहले दफ्तर से ओबी वेन के चालक साजिद खान को निकाल दिया गया था और कल वह दफ्तर आया था उसके बाद वह काफी देर तक दफ्तर में रहने के बाद चला गया था। चूंकि कल ओबी वेन की जरूरत नहीं थी, इसलिए उसकी चाबी पर किसी का ध्यान नहीं गया। विवेचना टीम ने तत्काल साजिद खान (35) निवासी कटोरा तालाब को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। काफी टाल-मटोल करने के बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए संभावना में बताया कि समीर खान नामक युवक वारदात को अंजाम दे सकता है। उसकी निशानदेही पर समीर को हिरासत में लिया गया और पूछताछ शुरू हुई तो समीर ने बताया कि साजिद उसका बड़ा भाई है। पुलिस ने दोबारा साजिद से सख्ती बरती और पूछताछ की तो उसने जुबान खोल दिया और बताया कि कल वह नजर चुराकर ओबी वेन की चाबी लेकर निकल गया था और देर रात आकर उसने ही जनरेटर पार किया है। साजिद के घर से जनरेटर बरामद कर लिया गया है। सिटी एएसपी रजनेश सिंह ने तीनों पुलिस कर्मियों को चोरी के इस मामले को महज दो घंटों के बीच ही सुलझा लेने के लिए शाबासी दी और नगद ईनाम देकर उन्हें पुरस्कृत भी किया। आरोपी साजिद पर अपराध कायम करने के बजाए उससे माफीनामा लिखवाया गया और समझाइश देकर रिहा कर दिया गया।