परिवार सहित देखेंगे शाहरुख की फिल्म
नई दिल्लीगुवाहाटी ! महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) को शाहरुख खान की फिल्म र्माई नेम इज खान के प्रदर्शन को रोकने की सोमवार को चुनौती दे दी है। चव्हाण ने कहा है विहिप की चुनौती के बाद अब वह खुद परिवार सहित इस फिल्म को देखने जाएंगे।
चव्हाण ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, ''कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता। यदि किसी भी व्यक्ति ने इस तरह की धमकी जारी की तो हम उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। कानून अपना काम करेगा, वे जो कहते हैं उन्हें वह कहने दीजिए।''
चव्हाण ने कहा, ''मैं भी अपने परिवार के साथ फिल्म देखने जाऊंगा।''
ज्ञात हो कि विहिप नेता प्रवीण तोगड़िया ने गुवाहाटी में देश की जनता से आह्वान किया है कि वह देश भर में इस फिल्म के प्रदर्शन का बहिष्कार करे।
तोगड़िया ने संवाददाताओं से कहा, ''देश की जनता को माई नेम इज खान का विरोध करना चाहिए क्योंकि शाहरुख खान देशद्रोही है। वह पाकिस्तानी एजेंट है।'' उन्होंने कहा कि फिल्म के पोस्टर फाड़ दिए जाएंगे।
ज्ञात हो कि शाहरुख खान और काजोल की भूमिकाओं वाली यह फिल्म शुक्रवार को प्रदर्शित होने जा रही है।
विहिप की नई धमकी ऐसे समय में आई है, जब शिव सेना ने एक दिन पहले ही 'माई नेम इज खान'
के प्रदर्शन का विरोध न करने की घोषणा की थी।