मुंबई ! कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की सफल मुंबई यात्रा के एक दिन बाद शनिवार को शिव सेना ने मुंबई वासियों को जम कर कोसा है।
गांधी के चार घंटे के मुंबई दौरे की सफलता से बौखलाई शिव सेना ने शनिवार को अपने मुख पत्र सामना में लोगों के इस बयान पर नाराजगी जाहिर की है जिसमें लोगों ने कहा है कि शुक्रवार को गांधी को काला झंडा दिखाने का शिवसेना का कार्यक्रम सफल नहीं हो पाया।
बाल ठाकरे ने सामना में लिखा है, ''पाकिस्तानी खिलाड़ियों को इस देश में आना चाहिए और कहीं भी उन्हें खेलने देना चाहिए, आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हमले अबाध गति से होते रहने चाहिए, पाकिस्तान को कभी भी कहीं भी 2611 जैसे हमले करने देना चाहिए, शाहरुख की फिल्म को इटालियन महिला के आशीर्वाद से रिलीज होना चाहिए- शिवसेना इनमें से किसी का विरोध नहीं करेगी।''
ठाकरे ने सामना की संपादकीय में आगे लिखा है, ''शाहरुख हमसे पाकिस्तान से प्रेम करने के लिए कहते हैं। लेकिन किसी भी व्यक्ति को इससे दिक्कत नहीं हो रही है, किसी को इससे गुस्सा नहीं आ रहा है तो वे कितना कर सकते हैं? जब महाराष्ट्र सरकार ने खुद एक इटालियन महिला के आगे घुटने टेक दी है, तो अकेले शिव सैनिकों को विरोध क्यों करना चाहिए? क्या शिवसेना को अकेले अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए? क्या अन्य लोगों के भीतर से देशभक्ति मर गई है?''
मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह को गांधी का चमचा करार देते हुए ठाकरे ने लिखा है कि शिवसेना हमेशा मुंबई और 'मराठी मानुस' के लिए लड़ती रहेगी।
|