पोर्ट एलिजाबेथ। इंग्लैंड के साथ रविवार को सेंट जॉर्ज्स पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे एकदिवसीय मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम ने अपने पांच शुरुआती विकेट गंवा दिए हैं। खबर लिखे जाने तक दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 22 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट के नुकसान पर 78 रन बना लिए थे। एल्वारो पीटरसन 37 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 21 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि रेयान मैक्लॉरेन ने खाता नहीं खोला था। मेजबान टीम ने सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला (11), कप्तान ग्रीम स्मिथ (2), अब्राहम डिविलियर्स (22), मार्क बाउचर (13) और जीन पॉल डुमिनी (6) के विकेट गंवाए हैं। तीन विकेट जेम्स एंडरसन के खाते में गए हैं जबकि स्टुअर्ट ब्रॉड और टिम ब्रॉसनन ने एक-एक सफलता हासिल की है। पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। जोहांसबर्ग में खेला गया पहला मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था जबकि केपटाउन में खेले गए दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने सात विकेट से जीत हासिल की थी। इसके बाद केपटाउन में ही खेले गए तीसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने 121 रनों से जीत हासिल करके शानदार वापसी की थी। इस मैच के लिए दक्षिण अफ्रीका ने दो परिवर्तन किए हैं। जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से परेशान चल रहे तेज गेंदबाज डेल स्टेन की जगह हरफनमौला चार्ल लैंगवेल्ट को टीम में शामिल किया गया है जबकि जोहान बोथा ने रुएलोफ वान डेर मर्व की जगह ली। दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम ने बिना परिवर्तन के इस मैच में खेलने का फैसला किया है। तेज गेंदबाज एंडरसन के टखने में हल्की चोट है लेकिन इसके बावजूद टीम प्रबंधन ने उन्हें खेलने की इजाजत दी है।