इस्लामाबाद। चीन ने पाकिस्तान के साथ हुए एक महत्वपूर्ण रक्षा समझौते के तहत उसे 36 उन्नत लडाकू जेट विमान देने पर सहमति दी है। पाकिस्तानी मीडिया ने अपनी रिपोर्टों में एक पाकिस्तानी अधिकारी के हवाले से कहा है कि चीन 114 अरब डालर के समझौते के तहत पाकिस्तान को जे-10 लडाकू विमानों की दो स्क्वार्डन की आपूर्ति करेगा। भविष्य में इस बिक्री में और बढोतरी हो सकती है। अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान भविष्य में चीन से और अधिक संख्या में ऐसे लडाकू विमान खरीद सकता है। हालांकि इस अधिकारी ने इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की कि देश ने चीन से डेढ सौ लडाकू जेट विमान खरीदने की समझौता किया है। विशेषज्ञों ने इस समझौते को दोनों देशों के संबंधों में एक मील का पत्थर करार दिया है। पाकिस्तान सेना के एक अवकाशप्राप्त जनरल अब्दुल कय्यूम ने कहा कि इस समझौते को पाकिस्तान का चीन के साथ संबंधों को छोटे परिपेक्ष्य में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा इस समझौते के पीछे दोनों देशों के बीच संबंधों का एक वृहद परिपेक्ष्य है। चीन अपनी उन्नत तकनीक को पाकिस्तान के साथ साझा करके विश्व को यह संदेश देना चाहता है कि वह स्वयं की रक्षा क्षमता में बहुत तेजी से वृद्धि कर रहा है।