टोक्यो। जापान में समुद्री तूफान 'मेलोर' की चपेट में आने से गुरुवार को दो लोगों की मौत हो गई और 56 घायल हो गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार तूफान की वजह से गुरुवार को सैंकड़ों उड़ाने रद्द करनी पड़ी। ओसाका और टोक्यो स्थित स्कूलों को बंद कर दिया गया है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार गुरुवार सुबह पांच बजे टोक्यो के आइची इलाके में तूफान ने दस्तक दी, जिसके बाद वह 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पूर्वोत्तर की ओर मुड़ गया। एजेंसी ने तेज हवाएं चलने, बारिश और समुद्र में ज्वार उठने की आशंका की चेतावनी जारी कर दी है। तूफान की वजह से 440 से अधिक घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करना पड़ा। इसके अलावा 18 बुलेट रेलगाड़ियों को भी रद्द किया गया। ओसाका शहर में सभी 434 विद्यालयों को बंद कर दिया गया है, वहीं टोक्यो में भी 396 विद्यालयों को बंद किया गया है।