नई दिल्ली ! पिट्सबर्ग में शुक्रवार को होने वाले जी20 के शिखर सम्मेलन में भारत वैश्विक वित्तीय संस्थानों में सुधार तथा वैश्विक संकट से उबरने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की बात करेगा। इस सम्मेलन में भारत की ओर से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह हिस्सा लेंगे। विदेश सचिव निरूपमा राव ने मनमोहन सिंह की गुरुवार से शुरू हो रही पीट्सबर्ग की दो दिवसीय यात्रा के पूर्व शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि भारत जमीनी आर्थिक वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करने के लिए वैश्विक वित्तीय संस्थानों में सुधार की जरूरत पर जोर देगा। राव ने कहा कि भारत संरक्षणवाद के सभी रूपों के खिलाफ अपना पक्ष रखेगा। पेंसिलवेनिया के पीट्सबर्ग में आयोजित सम्मेलन में मनमोहन सिंह के साथ जाने वाले वरिष्ठ अधिकारियों में योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम.के. नारायणन भी शामिल होंगे।