नई दिल्ली ! अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती, डॉलर के कमजोर होने और कीमती धातुओं की पूछ परख बढ़ने के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में बीते सप्ताह के दौरान सोने और चांदी ने विपरीत रुख अख्तियार किया। पूरे सप्ताह उतार चढ़ाव झेलने के बाद पिछले सप्ताह के मुकाबले शनिवार को सोना 105 रुपए प्रति दस ग्राम बढ़कर बंद हुआ, जबकि चांदी 300 रुपए प्रति किलो उतर गई। आलोच्य सप्ताह के दौरान दोनों कीमती धातुओं में उठा पटक बनी रही। कच्चा तेल और डॉलर का कारोबार पीली धातु के बाजार को डांवाडोल करता रहा। चांदी का धंधा भी इससे बेअसर नहीं रह सका। आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने दामों ने 957.65 डॉलर के उच्चतम स्तर और 929.70 डॉलर प्रति औंस के निम्नस्तर को छुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी भी दो माह के उच्चतम स्तर 15.16 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का कारोबार सोमवार को 930.80 डॉलर प्रति औंस से शुरू हुआ था, जोकि शुक्रवार तक 23.85 डॉलर बढ़ते हुए 954.65 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। चांदी का कारोबार भी 13.82 डॉलर प्रति औंस से आरंभ होकर 14.21 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। कारोबारियों का कहना है कि डॉलर के मजबूत होने के साथ ही कच्चे तेल में गिरावट आई और शेयर बाजारों में भी नरमी का रुख रहा। इस सब का असर सोने पर भी पड़ा है और इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुस्ती रही।