मुंबई रानी मुखर्जी ने मां बनने से इनकार कर दिया है। चौंकिए मत, रानी ने यह फैसला अपनी निजी जिंदगी में नहीं, बल्कि अपनी अगली फिल्म के लिए किया है। फिल्म 'तारा रम पम' में दो बच्चों की मां का किरदार निभानेवालीं रानी ने दीपा मेहता की फिल्म में मां का किरदार निभाने से इनकार कर दिया है। भले ही बॉलीवुड में रानी मुखर्जी को फ्लॉप हीरोइन मान लिया गया हो, लेकिन रानी ऐसा मानने के लिए तैयार नहीं। अभी भी वे अपने आप को लेकर काफी गंभीर हैं। शायद यही वजह है कि उन्होंने दीपा मेहता जैसी निर्देशक की फिल्म में काम करने से मना कर दिया है। गौरतलब है कि पिछले दिनों दीपा ने रानी को सलमान रुश्दी के उपन्यास 'मिडनाइट चिल्ड्रेन' पर बन रही फिल्म में काम करने का प्रस्ताव दिया था। पहले तो रानी ने फिल्म में काम करने के लिए हामी भर दी थी, लेकिन जैसे ही उन्हें अपने किरदार के बारे में पता चला, तुरंत उन्होंने फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया।