जयपुर। करधनी थाना इलाके में आज तड़के एक वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कहीं भी जाहिर चोट के निशान नहीं है। लेकिन, पुलिस ने हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) जोस मोहन ने बताया कि थानांतर्गत मित्रनगर कॉलोनी निवासी जयनारायण (60) मजदूरी करता था। बीती रात को शराब के नशे में धुत्त होकर आया और परिजनों से लड़ाई-झगड़ा करने लगा। परिजनों ने उसे समझाया तो वह तेज आवाज में गाली-गलौच करने लगा। आधी रात को वह अपने भाई के यहां पर जाने की बात कहकर निकला और आज सुबह जब परिजनों ने देखा तो वह अपने मकान के पीछे खाली पड़े भूखंड में उलटा पड़ा था। इत्तला पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पूछताछ की।